Twspost Desk, Khunti
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रविवार को खूंटी जिले का दौरा किया। वे हुटार स्थित चलागी गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने दिवंगत पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की। पूर्व मुख्यमंत्री ने सोमा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
निर्माणाधीन स्कूल का निरीक्षण
श्रद्धांजलि सभा के बाद, चंपाई सोरेन ने स्वर्गीय मुंडा द्वारा बनवाए जा रहे स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सोमा मुंडा केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि उन्होंने शिक्षा के जरिए समाज को जागरूक करने का महान कार्य किया था। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि इस स्कूल का निर्माण कार्य पूरा करने में वे हर संभव सहयोग करेंगे।
कानून व्यवस्था पर तीखा हमला
इस दौरान पूर्व सीएम ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “जब हमारे समाज के अग्रणी और मार्गदर्शक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा, यह समझा जा सकता है। यह अपराधियों के बढ़ते मनोबल का प्रतीक है।” उन्होंने नगड़ी आंदोलन में सोमा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष ने ही आदिवासी-मूलवासी किसानों की जमीन बचाई थी।
मौके पर मनोज कुमार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
